ट्रेंडिंगदेश/विदेश

टाइगर श्रॉफ हमले के संदिग्ध आरोपी हिरासत में, कोटा पुलिस ने ट्रेन से दबोचे लॉरेंस गैंग के 3 शूटर

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है. राजस्थान की कोटा पुलिस द्वारा कोटा रेलवे स्टेशन से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लेने की सूचना है. इस पूरे मामले को लेकर एसपी तेजस्विनी गौतम 1 बजे खुलासा करेंगी. रविवार शाम को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस सनसनीखेज हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि गोली लगने से उनका ड्राइवर घायल हो गया है. घायल चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के तुरंत बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक ऑडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

​वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मुंबई से ट्रेन के जरिए फरार हो गए थे. मुंबई पुलिस के अलर्ट पर कोटा सिटी पुलिस फौरन एक्शन मोड में आ गई. शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर ट्रेनों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया. ​सर्चिंग के दौरान कोटा पुलिस ने ट्रेन से तीनों संदिग्ध बदमाशों को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया है. पुलिस टीम तीनों को कोटा लेकर पहुंची है, जहां एसपी तेजस्विनी गौतम समेत आला अधिकारी उनसे कड़ी पूछताछ कर रहे हैं.

इन संदिग्ध बदमाशों को कोटा पुलिस ने सुबह 10 बजे ट्रेन से उठाए हैं. सभी बदमाश ट्रेन नंबर 12939 पुणे जयपुर सुपरफास्ट के जनरल बॉगी में सफर कर रहे थे. ये सभी जयपुर जा रहे थे. ये संदिग्ध वसई रोड से ट्रेन में सवार हुए थे. सुबह 10:00 के करीब जब ट्रेन कोटा पहुंची, तभी इन बदमाशों को ट्रैप कर लिया गया. कोटा पुलिस और आरपीएफ इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम देने के पहले रामगंज मंडी पहुंच गई थी और वहां से ही ट्रेन में सवार हुई थी. ट्रेन में ही उन्हें सर्च किया और बाद में कोटा आते ही उतार लिया गया.

कोटा सिटी पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों बदमाशों में से दो हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक बदमाश बिहार का रहने वाला है, लेकिन यह काफी लंबे समय से महाराष्ट्र में ही रह रहा था. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों तत्काल रेलवे स्टेशन की तरफ भागे थे और इसके बाद इन्होंने ट्रेन पकड़ ली और जयपुर की तरफ ही जा रहे थे. इन बदमाशों में एक नाबालिग है. इन्हें पकड़ने के लिए गई पुलिस टीम में 15 लोग शामिल थे. इसके अलावा जीआरपी की भी टीम भी इस ऑपरेशन में शामिल थी.

रविवार शाम को जब टाइगर श्रॉफ की कार जुहू इलाके में एक फुटबॉल ग्राउंड के पास से गुजर रही थी, तब मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी थी. इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस इस हमले में घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button