पवाणी गांव अग्निकांड, सीएम धामी ने की प्रभावितों से मुलाकात, ₹5-5 लाख सहायता राशि देने की घोषणा

मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की समस्याएं जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
अग्निकांड के प्रभावितों ने सीएम धामी ने मुलाकात करते हुए जरूरत की कई मांगे रखी. उन्होंने कहा कि, गांव में पानी की टैंकर की व्यवस्था हो. किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद के लिए एक हेलीपैड बनाया जाए. क्षेत्र में नेटवर्क की बड़ी समस्या है, इसके लिए एक मोबाइल टावर लगाना सुनिश्चित किया जाए. इसके अलावा भी ग्रामीणों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल के जरिए कई मांगे सीएम धामी के सामने रखी.
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, आपदा प्रभावितों के साथ सरकार खड़ी है. बच्चों के लिए स्कूल की व्यवस्था हमारी पहली प्राथमिकता है क्योंकि आगे बर्फ भी पड़ने वाली है. राशन की व्यवस्था के लिए भी जिलाधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं. इस आपदा में सरकार, प्रशासन प्रभावितों के साथ है. हर स्तर पर गांव को फिर से आबाद करने का प्रयास करेंगे.

वहीं इससे पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि, अग्निकांड में उनके आवासीय भवनों के साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन से जुड़े अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं. इससे प्रभावित परिवारों के सामने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी कामकाज निपटाने की समस्या खड़ी हो गई है. ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए. शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेजों और अन्य जरूरी अभिलेखों को दोबारा बनवाने की प्रक्रिया में ग्रामीणों की मदद की जाएगी, ताकि उन्हें इन कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें.

जिलाधिकारी ने गांव में मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने विद्युत विभाग को रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा. साथ ही गांव के संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, जिससे प्रभावित परिवारों और राहत कार्यों में जुटी टीमों को आवागमन में परेशानी न हो. पशुपालन विभाग को अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के दुधारू पशुओं समेत अन्य पशुधन का सर्वे कर विस्तृत विवरण तैयार करने को कहा. इससे पशुधन के नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सकेगी.



