उत्तराखंड

मसूरी देहरादून हाईवे का होगा सेफ्टी सर्वे, संवेदनशील 4 प्वाइंट पर रहेगी निगरानी

पर्यटकों के लिए 20 जुलाई का दिन बेहद खराब खबर लेकर आया. दरअसल देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून मसूरी हाइवे कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया. स्थिति ये है कि जिला प्रशासन को इस मार्ग के बंद रखने का आदेश करना पड़ा.अब किसी को भी इस रास्ते से मसूरी जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

मसूरी मार्ग पर कई जगह सड़क पूरी तरह से धंस गई और इसके कारण इस रास्ते में कई जगहों पर लम्बा जाम भी लग गया. हालात ये रही कि यहां से आने या मसूरी जाने वाले वहां अपनी जगह पर ही थम गए. कुछ जगहों पर सड़क धंसने की तस्वीर सामने आई तो कुछ जगह पर सड़क में पहाड़ से पत्थर गिरने के भी वीडियो सामने आए.

बड़ी बात यह है कि मसूरी देहरादून हाईवे जिसे बेहद सुरक्षित रास्ता भी माना जाता है, वहां पर कई क्षेत्र खतरे की जद में आ गए हैं. खासतौर पर उन जगहों पर सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है जहां पिछले साल आई बारिश के बाद रास्ते टूट गए थे. जिला प्रशासन का मानना है कि इस मार्ग में ऐसे चार से पांच संवेदनशील जगह है जहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं. ऐसे में फिलहाल पर्यटकों की यात्रा को रोकना ही एक मात्र रास्ता बचा है.

खास बात यह है कि अब जिला प्रशासन ने इस मार्ग का सेफ्टी सर्वे करने का फैसला लिया है. यानी कि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्र का दौरा करेंगे और इसकी सुरक्षा के हालातो को जांचेंगे. इसको लेकर बाकायदा एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी और इसी के आधार पर आने वाले दिनों में स्मारक को ठीक करने का काम किया जाएगा. फिलहाल जिन जगहों पर नुकसान हुआ है वहां पर लगातार मार्ग को सही करने के लिए प्रयास शुरू किया जा रहे हैं.

लेकिन जिन जगहों पर सड़के धंस गई हैं वहां पर जल्दी ही कोई राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. इसलिए अभी सेफ्टी सर्वे यह तय कर पाएगा कि कब तक इसको सही किया जा सकेगा और इसके लिए मार्ग को बंद रखने का फैसला कितने दिनों तक आगे बढ़ाया जाएगा.बड़ी बात यह है कि मानसून सीजन में भी लगातार पर्यटकों की अच्छी खासी संख्या मसूरी में पहुंचती है और बड़ी संख्या में पर्यटक न केवल उत्तराखंड बल्कि दूसरे राज्यों से भी मसूरी आते हैं. इन सब स्थितियों के बीच पर्यटकों के लिए यह किसी बुरी खबर से कम नहीं कि मसूरी जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है और फिलहाल पर्यटक यहां नहीं जा पाएंगे.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button