
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। धामी सरकार में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू (पप्पू गिरधारी) के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के ठीक बाद मंत्री रेखा आर्या की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी को लेकर बड़ा खुलासा, जान का खतरा बताया
दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने आरोप लगाया है कि गिरधारी लाल साहू ने साल 2004 में शादी के वक्त अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी। मंत्री ने दावा किया कि उनके पति के अन्य महिलाओं के साथ संबंध हैं, जिसका विरोध करने पर उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने पुलिस से अपनी और अपने बच्चों की जान को गंभीर खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो जारी कर बयां किया दर्द
इस पूरे घटनाक्रम के बीच मंत्री रेखा आर्या ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद भावुक वीडियो और एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की है। वीडियो में कैबिनेट मंत्री रोते हुए अपनी पीड़ा बयां कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उनका दिल पूरी तरह टूट गया है। उन्होंने भारी मन से सवाल उठाया, “सच्चाई और ईमानदारी के साथ रहने के बदले क्या ऐसा परिणाम मिलता है?”
महिलाओं से की खास अपील: “अत्याचार मत सहो”
वीडियो के जरिए समाज की महिलाओं को संदेश देते हुए रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने यह कदम अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाया है। उन्होंने घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा, “महिला आम हो या खास… घरेलू अत्याचार न सहना है, न सहना है, बल्कि उसे कहना है।”
राजनीतिक गलियारों में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
कैबिनेट मंत्री से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया है। देहरादून पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल घरेलू विवाद के सामने आने के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।





