विधानसभा चुनाव 2027: चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात होंगे 22 हजार कार्मिक, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं 7 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं. ऋषिपर्णा सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल की मौजूदगी में निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने टेंट, बैरिकेडिंग, लेखन सामग्री, भोजन, वीडियो और फोटोग्राफी समेत सभी व्यवस्थाओं की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय तक पूरी करने के निर्देश दिए.
22 हजार कार्मिकों की होगी तैनाती: जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए जनपद में करीब 22 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी. अब तक 14,800 कार्मिकों का डेटा जुटाया जा चुका है. जिन विभागों ने अभी तक कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. चुनाव ड्यूटी से छूट मांगने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच के लिए समिति भी गठित की जाएगी.
2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए: देहरादून की 10 विधानसभा सीटों पर कुल 2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. इनमें 765 ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्र में हैं. सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, फर्नीचर, रैंप, शेड और नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन कराया जाएगा. इसके लिए 50 जोनल और 230 सेक्टर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है. निर्वाचन के दौरान नकदी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए जाएंगे.
एफएसटी, वीएसटी, वीवीटी और अन्य निगरानी टीमों के गठन के साथ उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी. सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. ऐसे बूथ भी चिह्नित किए जाएंगे, जहां पुरुषों या महिलाओं का मतदान प्रतिशत कम रहा है.
इसके अलावा पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल को लेकर सात दिन के भीतर माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. चुनाव कार्मिकों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी समेत तमाम नोडल और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे.




