उत्तराखंड

CBI का बड़ा एक्शन, बैंक मैनेजर समेत तीन कर्मचारी अरेस्ट, लोन के बदले 9 लाख की रिश्वत लेने का आरोप

राजधानी देहरादून में सीबीआई (Central Bureau of Investigation) की एंटी करप्शन ब्रांच ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये के लोन की मंजूरी और भुगतान कराने के बदले शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. सीबीआई द्वारा तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया. मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है.

सीबीआई के मुताबिक क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपए के लोन के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और वितरित कराने के बदले बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और तीन निजी व्यक्तियों, जो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) के रूप में काम कर रहे थे, उन्होंने लोन की रकम का 5 प्रतिशत यानी 9 लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे.

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पहले ही उससे 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे और शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे. इसके बाद आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपए के दो बिना तारीख वाले चेक दिए और 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही.

सीबीआई ने 18 नवंबर की देर शाम ट्रैप कार्रवाई करते हुए डीएसए नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार किया गया.

सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई ने तीनों आरोपियों के आवास पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी बरामद की है. तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया. मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button