देहरादून-मसूरी के सुनियोजित विकास को मिलेगी नई रफ्तार, MDDA बोर्ड बैठक में 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में देहरादून-मसूरी क्षेत्र के संतुलित एवं सुनियोजित विकास को गति देने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की 114वीं बोर्ड बैठक गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष श्री आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में लगभग 25 महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैंड पूलिंग, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया, जिससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान विकासनगर के कल्याणपुर (परगना पछवादून) स्थित MDDA की लैंड पूलिंग योजना के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या का अनुमोदन करते हुए सभी स्वीकृत परियोजनाओं के समयबद्ध एवं नियमसम्मत क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने वाली विभिन्न परियोजनाओं की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के बाद संबंधित विभागों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




