सीएम धामी का जन्मदिन आज, PM मोदी सहित कई नेताओं ने दी बधाई, यमकेश्वर में रुद्राभिषेक होगा

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज जन्मदिन है. इस मौके पर राजधानी देहरादून समेत पूरे राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों ने कई भव्य और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया है. वहीं पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी समेत कई राजनेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
पीएम मोदी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा. प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के जवाब में सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प में ‘विकसित उत्तराखंड’ अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सीएम धामी को बधाई देते हुए बाबा केदारनाथ से उनके यशस्वी जीवन और दीर्घायु होने की प्रार्थना की.
Birthday greetings to Uttarakhand CM, Shri Pushkar Singh Dhami Ji. He is working hard to further Uttarakhand’s progress across diverse sectors. Equally noteworthy is his commitment towards empowering the poor. May he lead a long and healthy life.@pushkardhami
— Narendra Modi (@narendramodi) September 16, 2026
सीएम धामी के जन्मदिन के मौके पर देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसके साथ ही भाजपा महिला मोर्चा की तरह से अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जा रहे हैं, जबकि युवा मोर्चा की ओर से कई स्थानों पर रक्तदान शिविर (Blood Donation Camp) लगाए गए हैं. अब अगर धार्मिक अनुष्ठान की बात करें तो, यमकेश्वर के शिव मंदिर में पार्टी संगठन और श्रद्धालुओं द्वारा विशेष रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना व यज्ञ का आयोजन किया गया है. पौड़ी के कंडोलिया मंदिर में भी हवन-कीर्तन का आयोजन हुआ. उधर, बाल वनिता आश्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के साथ ही 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राज्यभर में ‘सेवा संकल्प माह’ और ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम की शुरुआत होगी. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत चित्रकला प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन, नुक्कड़ नाटक, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. 17 सितंबर की शाम को बीजेपी कार्यकर्ता और नागरिक अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। मोदी जी के नेतृत्व में आप देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के साथ जन-जन तक विकास कार्यों को पहुँचा रहे हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूँ।
— Amit Shah (@AmitShah) September 16, 2026




