
रामनगर (उत्तराखंड): उत्तराखंड के रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के समीप तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो टूरिस्ट जोन से एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ नजारा सामने आया है। यहाँ जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों को उस वक्त एक अनोखा रोमांच देखने को मिला, जब जंगल के दो सबसे ताकतवर जीव—बाघ और हाथी—एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। सोशल मीडिया पर भी इस घटना की खासी चर्चा हो रही है।
अचानक आमने-सामने आए जंगल के दो ‘राजा’
मिली जानकारी के अनुसार, बीती शाम पर्यटकों का एक दल सफारी वाहनों में सवार होकर फाटो जोन की सैर कर रहा था। तभी अचानक रास्ते पर एक भव्य बाघ (टाइगर) चहलकदमी करता हुआ दिखाई दिया। पर्यटक अभी बाघ का दीदार कर ही रहे थे कि तभी दूसरी तरफ से एक विशालकाय जंगली हाथी वहाँ धमक पड़ा।
हाथी को देख उल्टे पैर भागा टाइगर
आमतौर पर बाघ को देखकर बड़े-बड़े जानवर अपना रास्ता बदल लेते हैं, लेकिन यहाँ नजारा बिल्कुल उल्टा था। बाघ को सामने देखकर हाथी आक्रामक हो गया और उसने जोर से चिंघाड़ते हुए बाघ की तरफ दौड़ लगा दी। हाथी को अपनी ओर पूरी रफ्तार से आता देख, ‘जंगल के राजा’ ने भी वहाँ से खिसकने में ही भलाई समझी। हाथी के खौफ से बाघ तुरंत रास्ते से हटकर घने जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।
पर्यटकों की थम गईं सांसें
जिप्सी में सवार पर्यटकों ने वन्यजीवों की इस अद्भुत ‘टसल’ को अपने कैमरों में कैद कर लिया। कुछ पलों के लिए पर्यटकों की सांसें थम सी गईं थीं, क्योंकि यह नजारा जितना रोमांचक था, उतना ही खतरनाक भी हो सकता था। हालांकि, बाघ के जंगल में जाते ही हाथी भी शांत हो गया और पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास है ‘फाटो जोन’
वन अधिकारियों के मुताबिक, तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाटो टूरिस्ट जोन अपने घने जंगलों और बाघों व हाथियों की अच्छी आबादी के लिए जाना जाता है। यहाँ अक्सर ऐसे रोमांचक दृश्य देखने को मिलते रहते हैं, यही वजह है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच यह जोन बेहद लोकप्रिय होता जा रहा है।




