देव दीपावली 2026: भगवान शिव ने एक ही बाण से किया था त्रिपुरासुर का अंत, जानें कार्तिक पूर्णिमा पर दीप जलाने की पौराणिक मान्यता

कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध करके देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी।
इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन समय की बात है। तारकासुर नाम का एक अत्यंत शक्तिशाली राक्षस था। उसका वध भगवान शिव के पुत्र भगवान कार्तिकेय ने किया था। तारकासुर के तीन पुत्र थे, जिनके नाम तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली थे।
अपने पिता की मृत्यु का बदला लेने के लिए तीनों भाइयों ने कठोर तपस्या आरंभ कर दी। वे हजारों वर्षों तक ब्रह्माजी की तपस्या करते रहे। उनकी कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर एक दिन ब्रह्माजी उनके सामने प्रकट हुए और बोले हे पुत्रों मैं तुम्हारी तपस्या से प्रसन्न हूँ। मांगो, तुम्हें क्या वरदान चाहिए?’
तीनों भाइयों ने कहा— ‘हे पितामह! हमें अमर होने का वरदान प्रदान कीजिए।’ब्रह्माजी ने कहा इस संसार में जिसने जन्म लिया है, उसकी मृत्यु निश्चित है। इसलिए अमरता का वरदान देना संभव नहीं है। तुम कोई दूसरा वर मांगो।’
तब तीनों भाइयों ने विचार करके कहा— ‘हे ब्रह्मदेव! हमारे लिए तीन विशाल और अद्भुत नगरों का निर्माण करवाइए। एक नगर सोने का, दूसरा चांदी का और तीसरा लोहे का हो। ये तीनों नगर आकाश में विचरण करते रहें। जब एक हजार वर्ष बाद ये तीनों नगर एक सीध में आ जाएं, तभी कोई एक ही बाण से इन्हें नष्ट कर सके।’
ब्रह्माजी ने उन्हें तथास्तु कहकर वरदान दे दिया।
ब्रह्माजी की आज्ञा से मय दानव ने तीनों भाइयों के लिए तीन अद्भुत नगरों का निर्माण किया। तारकाक्ष को सोने का नगर, कमलाक्ष को चांदी का नगर और विद्युन्माली को लोहे का नगर प्राप्त हुआ। इन तीनों नगरों को मिलाकर त्रिपुर कहा गया और तीनों भाई त्रिपुरासुर कहलाए।
प्रारंभ में तीनों भाई धर्म और तपस्या में लगे रहे, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें अपने वरदान का अहंकार हो गया। वे देवताओं, ऋषि-मुनियों और समस्त प्राणियों को सताने लगे। उनके अत्याचारों से तीनों लोकों में हाहाकार मच गया। यज्ञ और धार्मिक कार्य बाधित होने लगे।
तब सभी देवता मिलकर भगवान ब्रह्मा और भगवान विष्णु के पास गए। सभी ने उनसे त्रिपुरासुर के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की। इसके बाद सभी देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे और उनसे त्रिपुरासुर का अंत करने की विनती की।
देवताओं की प्रार्थना सुनकर भगवान शिव ने संसार की रक्षा करने का संकल्प लिया।
तब समस्त देवताओं की शक्तियों से भगवान शिव के लिए एक दिव्य रथ तैयार किया गया। पृथ्वी को रथ बनाया गया, सूर्य और चंद्रमा उसके पहिए बने, ब्रह्माजी सारथी बने, मेरु पर्वत धनुष बना, वासुकि नाग उसकी प्रत्यंचा बने और भगवान विष्णु स्वयं दिव्य बाण के रूप में विराजमान हुए।
भगवान शिव उस दिव्य रथ पर सवार होकर त्रिपुरासुर का अंत करने के लिए चल पड़े।
देवताओं और असुरों के बीच भयंकर युद्ध आरंभ हो गया। सभी देवता उस शुभ क्षण की प्रतीक्षा करने लगे, जब तीनों नगर एक सीध में आएंगे।
अंततः कार्तिक मास की पूर्णिमा का वह अद्भुत क्षण आया, जब तीनों नगर एक सीध में आ गए। उसी समय भगवान शिव ने अपने दिव्य धनुष पर भगवान विष्णु रूपी बाण चढ़ाया और एक ही बाण से तीनों नगरों को भस्म कर दिया।
इस प्रकार तीनों असुरों का अंत हुआ और तीनों लोकों को उनके अत्याचारों से मुक्ति मिल गई।
भगवान शिव की इस अद्भुत विजय से सभी देवता अत्यंत प्रसन्न हुए। उन्होंने भगवान शिव की जय-जयकार की और उनकी नगरी काशी में आकर गंगा के घाटों पर असंख्य दीप जलाए। सभी देवताओं ने दीपों से भगवान शिव का अभिनंदन किया और इस विजय का उत्सव मनाया।
इसी दिव्य परंपरा की स्मृति में प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन काशी में देव दीपावली मनाई जाती है।
भगवान शिव ने त्रिपुर नामक तीनों नगरों का अंत किया था, इसलिए वे त्रिपुरारी और त्रिपुरांतक कहलाए तथा कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से जाना जाने लगा।
इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा, पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और अन्न-वस्त्र का दान करने की विशेष धार्मिक मान्यता है।




