उत्तराखंड

मसूरी में अनियंत्रित होकर खाई की ओर लटका पिकअप वाहन, चालक की सूझबूझ से टला हादसा

पहाड़ों की रानी मसूरी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मसूरी छावनी परिषद क्षेत्र के नीचे हवाघर मोड़ पर लैंडौर से घंटाघर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई. वाहन का एक पहिया सड़क के किनारे से बाहर लटक गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया और समय रहते पिकअप वाहन को रोककर स्वयं सुरक्षित बाहर निकल आया. यदि थोड़ी सी भी चूक हो जाती तो वाहन गहरी खाई में गिर सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोड़ पर पहुंचते ही पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क के किनारे तक पहुंच गई. वाहन को खाई की ओर झुका देख आसपास मौजूद लोग भी सहम गए. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक वाहन को सुरक्षित निकालने की कवायद चलती रही. स्थानीय रवि रावत, अरविंद पंवार और विजय बढ़ोला का कहना है कि छावनी परिषद क्षेत्र का हवाघर मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बनता रहा है.

मोड़ होने के साथ ही सड़क के किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं. बरसात के मौसम में सड़क फिसलन भरी हो जाती है, जिससे वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा और बढ़ जाता है. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने छावनी परिषद प्रशासन से सड़क किनारे मजबूत क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई बार वाहन फिसलने और अनियंत्रित होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button