बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में सुनवाई टली, अब SC में 17 सितंबर को लिस्ट हो सकता है मामला

बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले की सुनवाई टल गई है. आज सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी. इस मामले से 50 हजार लोगों के भविष्य का फैसला होना था. सुनवाई टलने से अतिक्रमण के आरोपियों को जहां राहत मिली है, वहीं इस मामले में इंतजार और बढ़ गया है. ऐसी संभावना है कि ये मामला अब सुप्रीम कोर्ट में 17 सितंबर को लिस्ट हो सकता है.
रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज होने वाली सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई थी. बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में अधिकारियों और जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे. क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी के साथ सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने छतों पर पत्थर, ईंट या मलबा जमा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई की संभावना को देखते हुए पहले नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर थी. किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे.
गौरतलब है कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मार्च महीने से ही पुनर्वास की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली थी. प्रशासन द्वारा करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर 4300 से अधिक प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ देने की तैयारी की जा रही है. इसी क्रम में जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मिलकर क्षेत्र में कैंप लगाने की योजना बनाई है.




