उत्तराखंड

उत्तराखंड को मिले 36 नये नायब तहसीलदार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

उत्तराखंड: प्रदेश में नवनियुक्त 36 नायब तहसीलदारों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नियुक्ति पत्र सौंपा. मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है.

सीएम ने कहा नियुक्ति पत्र के साथ ही आप सभी को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है. आपके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिले, यही आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी. नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है. उनके कामों का सीधा संबंध जनता की भूमि, आजीविका और अधिकारों से है. ऐसे में नवनियुक्त अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की गई. उन्होंने कहा एक किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है. अधिकारियों को हर मामले के निस्तारण में इससे जुड़े परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए.

सीएम ने कहा तहसील में आने वाले हर व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें. आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं. जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें. प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए. उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है. आपदा से हुई क्षति का सही और समय पर आकलन किया जाए. जिससे प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार जल्द से जल्द राहत पहुंच सके.

प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें. उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कामों का भी पूरी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है.

प्रदेश सरकार का मूल मंत्र सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण है. सभी अधिकारी इस मंत्र को अपनी कार्यशैली में शामिल करें. कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button