उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़

उत्तरकाशी के मोरी में भीषण अग्निकांड: सिलिंडर विस्फोट के बाद पंवाणी गांव में 30 से अधिक मकान जलकर राख

 

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): जनपद के सीमांत विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पंवाणी में मंगलवार शाम एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग की चपेट में आने से गांव के करीब 30 आवासीय भवन जलकर खाक हो गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद रसोई गैस सिलिंडरों में विस्फोट होने से लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

सिलिंडर विस्फोट से भड़की आग
स्थानीय विधायक दुर्गेश लाल की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अचानक आग भड़क उठी। लकड़ी के मकान होने और पांच से सात घरेलू गैस सिलिंडरों में धमाका होने के कारण आग ने देखते ही देखते आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक इस हादसे में करीब 30 परिवार प्रभावित हुए हैं और कई मवेशियों के भी झुलसने की आशंका है।

दुर्गम रास्ता और नेटवर्क बनी बाधा
घटना की सूचना मिलते ही विधायक दुर्गेश लाल ने जिला प्रशासन को मामले से अवगत कराया और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से तहसील मोरी की राजस्व टीम, अग्निशमन विभाग (फायर सर्विस), एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।

तहसील मुख्यालय मोरी से पंवाणी गांव की दूरी लगभग 55 से 60 किलोमीटर है। अति दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव दलों को मौके तक पहुंचने में समय लग रहा है। इसके अतिरिक्त, इलाके में मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने के कारण राहत टीमों से सीधा संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे नुकसान का सटीक आधिकारिक आकलन अभी तक नहीं हो सका है।
विधायक दुर्गेश लाल ने इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button