टीएचडीसी टनल हादसा: रेस्क्यू अभियान में तेजी के निर्देश, 2 लापता श्रमिकों की तलाश जारी

चमोली, 17 अगस्त 2026। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे को लेकर सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 12 श्रमिकों को सकुशल रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचाराधीन हैं, जबकि एक श्रमिक को एम्स ऋषिकेश में उपचार दिया जा रहा है। हादसे में 8 श्रमिकों की मृत्यु हुई है, जबकि 2 श्रमिक अभी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

आयुक्त आनन्द स्वरूप ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव कार्य को पूरी गंभीरता एवं तेजी के साथ जारी रखा जाए। उन्होंने रेस्क्यू में लगी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि रेस्क्यू अभियान के तहत टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं, जबकि एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का कार्य जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाते हुए टनल के भीतर खोज एवं बचाव अभियान को और गति देने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू और अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
श्रमिकों के हितों की भी समीक्षा
बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा मामले की जानकारी श्रम आयुक्त को भी देने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल समेत टीएचडीसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल रेस्क्यू टीमें टनल में फंसे दो लापता श्रमिकों की तलाश में जुटी हैं। प्रशासन ने अभियान में तेजी लाने के साथ-साथ सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।




