उत्तराखंड SIR फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 71.58 लाख वोटर्स शामिल, 1 लाख से ज्यादा के नाम कटे

उत्तराखंड: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान संपन्न हो गया है. उत्तराखंड में 8 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई थी जिसके बाद 14 जुलाई 2026 को प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया. ऐसे में दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद आज यानी 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. जारी मतदाता सूची के अनुसार, उत्तराखंड राज्य में वर्तमान समय में कुल मतदाताओं की संख्या 71 लाख 58 हजार 949 हो गई है.
प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान 8 जून 2026 को शुरू होने के दौरान 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता थे. गणना फार्म वितरण और उसके एकत्र करने के बाद प्रदेश में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी किया गया, जिसमें 71 लाख 33 हजार 785 मतदाता, सूची में शामिल रहे. इसके बाद आयोग ने तय तिथि के अनुसार, 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक मतदाताओं को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया. इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक प्रदेश में दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया गया. दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया. जिसमें 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता सूची में शामिल हैं. वर्तमान में प्रदेश में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 12 हजार 543 है.
अंतिम मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाताओं में 34 लाख 21 हजार 36 महिला, 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. इसके साथ ही प्रदेश में 18-19 उम्र में 72 हजार 656 मतदाता और 80 वर्ष से अधिक उम्र के 1 लाख 22 हजार 892 मतदाता शामिल हैं. प्रदेश में SIR अभियान के दावे/आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल 1 लाख 29 हजार 872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं, जबकि 1 लाख 4 हजार 708 मतदाताओं के नाम को हटाया गया है.
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in या मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन विजिट कर जनता देख सकती है. इसके साथ ही, डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर (DIO), इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) कार्यालय या बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से भी सूची प्राप्त की जा सकती है. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो किसी भी वजह से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वो सभी फार्म 6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन एवं अपने बीएलओ के जरिए ऑफलाइन मोड में भी आवेदन कर सकते हैं.



