उत्तराखंड

छठ पर सीएम धामी ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

उत्तराखंड: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का खटीमा में श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ. सोमवार सुबह मेलाघाट के 22 पुल छठ घाट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे. उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने वाला पर्व बताया.

पूर्वांचल समाज के प्रमुख लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अंतिम दिन सोमवार को खटीमा के मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी छठ घाट पहुंचे और पूर्वांचल समाज की व्रती महिलाओं के साथ छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल हुए.

मुख्यमंत्री धामी ने फलों की डलिया उठाकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं.

छठ पूजा के अवसर पर 22 पुल छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने घाट पर पहुंचकर विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. सीएम धामी ने पूर्वांचल समाज के महापर्व छठ को आपसी मेलजोल भाईचारे एवं अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने वाला बताया.

सीएम धामी ने इस पर्व को जल, सूर्य पूजन एवं प्रकृति के बेहद नजदीक बताया. उन्होंने उगते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही संपन्न हुए छठ महापर्व की सभी को शुभकामनाएं देते हुए सूर्य भगवान एवं छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की. उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया. घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button