अपराधउत्तराखंड

रुद्रपुर जिला हॉस्पिटल में दिनदहाड़े मर्डर, कारोबारी को चाकूओं से गोदा, पुलिस फोर्स तैनात

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पक्षों के बीच पहले जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए. इसके बाद मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचे एक पक्ष के लोगों पर दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर ही हमला बोल दिया. हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिसमें 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

अस्पताल परिसर में हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों पक्षों को अलग करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. फिलहाल अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास इलाके में दो अलग-अलग मोबाइल की दुकान हैं. दोनों दुकानों के मालिक दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी. इसी प्रतिस्पर्धा को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया.

बताया जा रहा है कि शुरुआत में हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर संघर्ष हुआ. इस दौरान दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक मारपीट के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए. मारपीट में घायल एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे. वहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों को भी इसकी जानकारी मिल गई.

बताया जा रहा है कि इसके बाद 10 से 12 लोग एकत्रित होकर जिला अस्पताल पहुंच गए. यहां इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकू निकल आए. हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकुओं से हमला कर दिया.

गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने और उपचार देने के प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई चाकूबाजी के बाद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.

एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इस दौरान एसपी सिटी जब घटना की जानकारी ले रहे थे, तभी दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. पुलिसकर्मियों को दोनों पक्षों को अलग-अलग करने और स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button