उत्तराखंड
उत्तरकाशी में भीषण सड़क हादसा, गंगोत्री धाम जा रही कार नदी में गिरी, 4 लोगों की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी गंगनानी गर्मकुंड के पास गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. डबराणी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी. हादसे के वक्त कार में सात यात्री सवार बताए जा रहे हैं. दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल को रेस्क्यू करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 6 बजकर 37 मिनट पर हुआ. तेज रफ्तार के चलते कार सड़क से नीचे खाई में गिरते हुए नदी में समा गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहत एवं बचाव दल द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक इनोवा कार में सवार सभी यात्री गुजरात के थे, जो गंगोत्री धाम जा रहे थे.
मृतकों में अशोकभाई पटेल (49), उनकी बेटी रुतिका पटेल (19), गुजरात निवासी धनश्यामभाई सरवालिया (32) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह निवासी हरिद्वार शामिल हैं. वहीं, 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे नदी से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेफर किए जाने की कार्रवाई की जा रही है. हादसे में दो महिलाएं अभी भी लापता हैं. इनमें 45 वर्षीय सुदाबेन अशोकभाई पटेल और 34 वर्षीय किरणबेन विशालभाई शामिल हैं। दोनों गुजरात की निवासी बताई गई हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार गुरुवार सुबह हिना के पास से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई थी. यात्री गंगोत्री धाम की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की तरफ बढ़ते वक्त कार अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया. हादसे के बाद घटनास्थल और नदी किनारे खौफनाक मंजर देखने को मिला. इससे पहले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे शव बरामद हुए. वाहन में कुल सात लोग सवार थे.
वहीं हादसे को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है. सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘उत्तरकाशी के गंगनानी बाजार के निकट यात्रियों के वाहन के गहरी खाई में गिरने की दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है.



