उत्तराखंड

देहरादून में दिनदहाड़े दो जगह फायरिंग, एक युवक घायल, एक्शन में पुलिस

कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. दो पक्षों के झगड़े में शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक के पास एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक को गोली मारकर फरार हो गए. पुलिस को जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची घायल युवक इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. साथ ही टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर कुछ युवक खड़े थे. इसी दौरान गुरमीत नाम का युवक कुछ अन्य लड़कों के साथ स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा और कथित तौर पर युवकों पर फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि पहली फायरिंग में किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन उसके बाद बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद गुरमीत कार लेकर मौके से फरार हो गया.

इसके बाद युवकों ने उसका पीछा किया. पीछा करते हुए मामला शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक के पास पहुंचा. आरोप है कि यहां गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की. इस दौरान साहिल नाम का युवक घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गाड़ी का नंबर HR51AZ0890 बताया गया है. पुलिस अब कार और घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. साथ ही दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है.

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया है कि प्रथम दृष्टया पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल दोनों पक्ष पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़ गए. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, घटना में शामिल अन्य लोगों और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. घायल साहिल का इंद्रेश अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button